चूरू। वार्ड छह की एक 20 वर्षीय युवती के साथ करीब ढाई साल पहले दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर दो लाख रुपए में किसी अन्य से शादी व सामूहिक दुष्कर्म किए जाने को लेकर शनिवार को महिला थाने में मामला दर्ज हुआ।
चूरू में नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोपी उसे शादी का झांसा देकर गाजियाबाद ले गया। वहां पर अपने मामा से दो लाख रुपए लेकर उससे शादी करवा दी। आरोपी के मामा ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी के भाई ने उसके साथ एक बार दुष्कर्म किया।
इसके बाद 13 नवंबर को आरोपी अन्य लोगों के साथ उसके घर आया और उसे व उसके पिता को धमकी देकर गया। इसके बाद युवती शनिवार को महिला थाने पहुंची और मुख्य आरोपी एमजेपी आईटीआई कॉलेज के संचालक नरेंद्र पुत्र राजेंद्र जाट सहित उसके भाई व मामा के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
आरोपी के भाई ने भी दुष्कर्म किया : दुष्कर्म पीडि़ता ने बताया कि वह जुलाई, 2019 को एमजेपी आईटीआई कॉलेज में अपने पिता के लिए पूछने गई थी। वहां पर कॉलेज संचालक नरेंद्र ने उसे बेसमेंट में भेज दिया। इसके बाद आरोपी नरेंद्र वहां पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे शादी का झांसा देकर गाजियाबाद ले गया।
वहां पर उसे अपने मामा प्रकाश से दो लाख रुपए लेकर उससे शादी करवा दी। इसके बाद प्रकाश उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। इसके बाद आरोपी के भाई विरेंद्र ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो व फोटो बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर उसे डराते रहे। इसके चलते वह अपने परिजनों को भी सच नहीं बता पाई। कई महीनों से वह मानसिक तनाव में चल रही है। अब थाने में मामला दर्ज करवाया है।