जिला कलक्टर मौका मुआयना करते ह - Dainik Bhaskar

जयपुर के सेंट्रल पार्क की तर्ज पर अब बीकानेर में भी बड़ा पार्क तैयार हो रहा है। ये पार्क बीकानेर शहर से थोड़ा दूर रिडमलसर पुरोहितान में होगा, जहां 382 बीघा क्षेत्र में विशाल पार्क बनाने के लिए जिला कलक्टर के नेतृत्व में एक टीम ने सोमवार को मौका मुआयना किया।

मेहता के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी इस क्षेत्र का अवलोकन किया। अभी ये स्थान प्रस्तावित है और राज्य सरकार से इसकी स्वीकृति लेने का प्रयास चल रहा है। मेहता ने बताया कि यूआईटी द्वारा शहर से सटे हुए क्षेत्र में विशाल उद्यान ‘सेंट्रल पार्क’ की तर्ज पर बनाया जाएगा। इसमें वाकिंग ट्रेक, साइक्लिंग ट्रेक और जागिंग ट्रेक सहित बड़ी संख्या में पेड़-पौधे, बगीचे, रंग-बिरंगी लाइटें, झूले आदि भी लगाए जाएंगे। इसमें ‘सिटी फोरेस्ट’ भी विकसित किया जाएगा। जिसमें स्थानीय प्रजाति और बॉटनिकल प्रकृति के पौधे लगाए जाएंगे। यह स्वास्थ्य के साथ ज्ञानवर्द्धक भी होगा। न्यास द्वारा इसे ‘आक्सीजन हब’ के साथ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

वन विभाग की जोहड़ पायतान की इस भूमि का शीघ्र ही नगर विकास न्यास को हस्तांतरण किया जाएगा। इसके बाद इसके चारों ओर तारबंदी और आवश्यकता के अनुसार दीवार बनाई जाएगी। तारबंदी के पास पौधरोपण पहले चरण में ही किया जाएगा। उन्होंने समूचे क्षेत्र का मुआयना किया और न्यास द्वारा प्रस्तावित ‘रोड मैप’ का अवलोकन किया। नगर विकास न्यास के सचिव नरेन्द्र सिंह पुरोहित ने प्रस्तावित कार्य योजना के बारे में बताया। इस दौरान जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र चौधरी, राजकीय डूंगर कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्याम सुंदर ज्याणी भी शामिल थे। इससे पहले जिला कलक्टर ने डूंगर कॉलेज में किए गए पौधारोपण कार्यों का अवलोकन किया।