पंडित नेहरू की जयंती पर बीकानेर में पुष्पांजलि कार्यक्रम, आत्मनिर्भर भारत की नींव पर चर्चा

बीकानेर – भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 135वीं जयंती पर बीकानेर में जवाहर पार्क स्थित प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशपाल गहलोत और बिशनाराम सियाग की अध्यक्षता में हुआ, जहां नेहरूजी के योगदान पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. बुलाकी दास कल्ला ने कहा कि पंडित नेहरू की योजनाओं ने भारत में उद्योगों की मजबूत नींव रखी और देश को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कृषि को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया, जिससे देश में खेती के प्रति रुचि बढ़ी। जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद नेहरूजी ने हरित क्रांति और लघु उद्योगों को प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम बढ़ाया।

देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने पंचवर्षीय योजना का जिक्र करते हुए कहा कि विविधता भरे देश में नेहरूजी की योजनाएं विकास की कुंजी साबित हुईं। प्रदेश कांग्रेस सचिव हाजी जिया उर रहमान आरिफ ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों के प्रिय थे, इसी कारण उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।

स्मरण सभा में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेहरूजी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *