बीकानेर. शहर की कई समस्याओं को लेकर जनसुनवाई में जा रहे भाजपा नेताओं और पुलिस के बीच गुरुवार को तनाव की स्थिति बन गई। जिला परिषद में चल रही जन सुनवाई के दौरान भाजपा नेता संभागीय आयुक्त तथा जिला कलक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे थे। इस दौरान वहां तैनात पुलिस ने उन्हें सभागार में जाने से रोकने का प्रयास किया लेकिन भाजपा नेता अंदर जाने के लिए अड़े रहे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में संभागीय आयुक्त तथा जिला कलक्टर सभागार से बाहर आकर भाजपा नेताओं से मिले। जूनागढ़ खाई की दीवार की मरम्मत कराने, गिन्नाणी में बरसाती पानी की समस्या मिटाने, सूरसागर क्षेत्र में सीवरेज को खोलने तथा सड़कों की मरम्मत कराने जैसी मांग को लेकर भाजपा का प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष अखिलेश प्रतापसिंह के नेतृत्व में जिला परिषद पहुंचा था। पुलिस के साथ विवाद बढ़ता देख आरएसी काे भी मौके पर बुला लिया गया। पुुलिस और भाजपा नेताओं के बीच बहस होने के बाद संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन तथा जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल जनसुनवाई काे बीच में छाेड़ कर बाहर आ गए।

अधिकारियों को सुनाई खरी-खरी

नगर निगम आयुक्त गोपालराम बिरदा तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश के साथ भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने वार्ता की और शहर की समस्याओं को लेकर खरी-खरी सुनाई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया की आयुक्त जानबूझकर ठेके निरस्त कर रहे हैं। इस वजह से समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इसके अलावा अतिक्रमण तोड़ने के नाम पर भी जनता को परेशान करने का आरोप लगाया गया।

संभागीय आयुक्त से की वार्ता

जन सुनवाई समाप्त होने के बाद संभागीय आयुक्त भी भाजपा प्रतिनिधि मंडल से मिलने आ गए थे। इस दौरान उन्हें शहर की समस्याओं के समाधान को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही जूनागढ़ की खाई की दीवार का निर्माण गुणवत्तापूर्वक करने तथा सूरसागर की समस्या का स्थाई समाधान करने सहित अन्य समस्याओं का हल करने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने यह कहा

भाजपा के जिलाध्यक्ष अखिलेशप्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, महामंत्री मोहन सुराणा, उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, गोकुल जोशी, युवा मोर्चा के अध्यक्ष वेद व्यास, पार्षद अरविन्द किशोर आचार्य सहित भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर में बरसात होने पर जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं है। जूनागढ़ की खाई की दीवार में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग हो रहा है। इस पर संभागीय आयुक्त ने आश्वासन दिया की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर श्यामसुंदर चौधरी, मोहन पूनिया, मनीष आचार्य, अरुण जैन,बजरंग सोखल, संजय गुप्ता, विकास सियाग, विनोद धवल, अनूप गहलोत, माणकलाल कुमावत आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।