
बीकानेर। आज सावन महीने का पहला सोमवार है। श्रावण मास के पहले सोमवार को सुबह से ही मंदिरों और शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। चारों तरफ हर हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारे सुनाई दे रहे हैं। बीकानेर शहर के शिवबाड़ी महादेव मंदिर में अल सुबह से ही भगवान शिव की आराधना हो रही है। हर कोई भगवान शिव के दर्शन करने तथा उनकी आराधना के लिए शिव मंदिर में उमड़ रहा है। शिवबाड़ी लालेश्वर महादेव, काशी विश्वनाथ, जनेश्वर महादेव, अमरेश्वर महादेव, 12 महादेव, भूतनाथ, गोपेश्वर व रंगोलाई महादेव मंदिर तथा अन्य मंदिरों में भारी संख्या में शिव भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। बीकानेर में इस बार बारिश भी काफी बढिय़ा हुई है और मौसम भी काफी सुहाना बना हुआ है, ऐसे में सावन महीने के पहले सोमवार के दिन लोगों ने शिव भगवान को बढिय़ा बारिश के लिए धन्यवाद भी दिया। हाथों में गंगा जल और मन में भोलेनाथ बाबा के प्रति अटूट विश्वास लिए भारी तादाद में शिव भक्त शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए उमड़ पड़े। भगवान शिव का दूध ,दही, घी ,शहद, शक्कर पंचामृत से वैदिक मंत्रोचार के साथ महादेव मंदिरों में अभिषेक कर पूजा अर्चना की जा रही है। सावन महीने के दौरान भगवान शिव की पूजा अर्चना के बाद शिव को प्रिय आक, धतूरा व बिल्व पत्र से भगवान का श्रृंगार भी किया जा रहा है।