सुबह आठ बजे शुरू होने वाली परीक्षा करीब पौने घंटे देरी से हुई शुरू, अफसर बोले कोड ही देरी से मिला

श्रीगंगानगर, जिला मुख्यालय पर शनिवार को हुई कांस्टेबल भर्ती परीक्षा निर्धारित समय से करीब पौने घंटे देरी से शुरू हुई। परीक्षा का निर्धारित समय सुबह आठ बजे था लेकिन इसके शुरू करीब पौने नौ बजे तक किया गया। इस दौरान कैंडिडेट पेपर का इंतजार करते रहे। उन्होंने इस बारे में सेंटर पर मौजूद कर्मचारियों से भी पूछा लेकिन उन्होंने काेई पुख्ता जानकारी नहीं दी। सुबह करीब पौने नौ बजे जब कोड मिला तो परीक्षा शुरू की गई। बाद में कैडिडेट्स को पेपर सॉल्व करने के लिए करीब 45 मिनिट एक्सट्रा दिए गए।

साढ़े चार हजार से ज्यादा ने दी परीक्षा
परीक्षा के लिए 6672 कैंडिडेट्स रजिस्टर्ड थे, जबकि 4739 ने जिले के अलग-अलग सेंटर्स पर परीक्षा दी। इन कैंडिडेट्स को निर्धारित समय आठ बजे से पहले सेंटर पर प्रवेश करवा दिया गया। परीक्षा शुरू होने का समय ठीक आठ बजे था। आठ बजते ही कैंडिडेट्स पेपर का इंतजार करने लगे लेकिन पेपर नहीं आया। दस मिनट से ज्यादा समय बीत जाने पर कैंडिडेट्स ने सेंटर पर मौजूद कर्मचारियों से इस बारे में जानकारी लेनी शुरू कर दी। बाद में आठ बजकर चालीस मिनट पर इन लोगों को पेपर दिया गया। पेपर दस बजकर चालीस मिनिट तक चला।

परिजन हुए परेशान
परीक्षा के लिए श्रीगंगानगर ही नहीं अन्य जिलों से भी कैंडिडेट्स आए हुए थे। उनके साथ उनके परिवार के लोग भी थे। कैंडिडेट्स सेंटर में परीक्षा देने गए तो इन लोगों ने बाहर इंतजार शुरू कर दिया। इन्हें उम्मीद थी कि दस बजते ही कैंडिडेट्स परीक्षा देकर बाहर आएंगे और वे अपने घरों को लौट जाएंगे लेकिन निर्धारित समय के बाद तक ये लोग इंतजार ही करते रहे। दोपहर 10.40 बजे कैंडिडेट्स परीक्षा देकर निकले।

कोड नहीं मिलने से हुई देरी
इस मामले में सीओ सिटी अरविंद बेरड़ का कहना था कि सुरक्षा की दृष्टि से एक प्राइवेट कंपनी से कोड मिलने के बाद ही पेपर खुलने की व्यवस्था की गई थी। संबंधित कंपनी से कोड मिलने में देरी से आठ बजे से शुरू होने वाला पेपर 8.40 बजे शुरू हो पाया। कैडिडेट्स को इसकी एवज में एक्सट्रा समय दिया गया। परीक्षा शुरू होने में थोड़ी देरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *