
श्रीगंगानगर की गौतम बुद्ध नगर कॉलोनी में मकान के लिए जगह रिजर्व करने की मांग को लेकर अनशन कर रहे पांच लोगों की तबीयत शुक्रवार देर रात बिगड़ गई। पांचों कलेक्ट्रेट के सामने बैठे थे। पुलिसकर्मियों ने पांचों को देर रात करीब ग्यारह बजे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस तीन को एंबुलेंस से अस्पताल ले गई। दो ने अस्पताल जाने से मना कर दिया। दरअसल, आईडीपी कार्यकर्ता लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। इन लोगों ने करीब दो महीने पहले भी कलेक्ट्रेट के सामने खाट सत्याग्रह शुरू किया था। ये लोग अपनी चारपाइयों के साथ कलेक्ट्रेट के सामने आ डटे थे। जिला प्रशासन के इनकी मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन और जयपुर में अधिकारियों की आईडीपी नेताओं से वार्ता के बाद खाट सत्याग्रह स्थगित कर दिया गया।
देर रात बिगड़ी तबीयत
मामले में मिले आश्वासन को करीब एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद आईडीपी कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर कलेक्ट्रेट के सामने धरना शुरू कर दिया है। इन लोगों ने गुरुवार शाम पांच बजे अनशन शुरू किया और शुक्रवार शाम इनकी हालत बिगड़ी। धरना स्थल पर पहुंचे डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों ने इनकी हालत देखी तो देर रात अस्पताल में भर्ती करवाया। आईडीपी नेता राजेश भारत ने बताया कि अनशन कर रही शांति शर्मा, मनप्रीत कौर और गीता देवी को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है जबकि नरेश कुमार और अमरजीत सिंह ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।