दर्दनाक हादसा : कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, 11 मजदूरों की जलकर मौत

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में दर्दनाक हादसा हुआ है। बुधवार सुबह भोईगुड़ा इलाके में एक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग में झुलसने के कारण 11 लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। सभी मृतक मजदूर बताए जा रहे हैं।

कबाड़ की दुकान में आग की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। आज जैसे ही लगी फायर ब्रिगेड को फौरन इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

सोती अवस्था में मिले शव

हैदराबाद पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब साढ़े तीन बजे कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। गोदाम में 12 प्रवासी मजदूर रह रहे थे। ज्यादातर शव सोती हुई अवस्था में मिले हैं। सिर्फ एक व्यक्ति को आग लगने का पता चल सका और वो बाहर निकल पाया। सभी मृतकों की उम्र 22 से 35 साल के बीच है।

सीएम ने किया मुआवजे का एलान

तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसी राव ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने इस हादसे पर दुख भी जताया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने मुख्य सचिव को घटना में मारे गए श्रमिकों के शवों को भेजने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *