ऊंट गाड़ी पर पलटा ट्रेलर, माता-पिता, बेटी की मौत: खेत जा रहे थे परिवार के 4 सदस्य, गिट्टी से ओवरलोड ट्रेलर के नीचे 3 घंटे दबे रहे, एक बेटी गंभीर घायल

बीकानेर के महाजन में शनिवार को सड़क हादसे में मां-बाप और बेटी की मौत हो गई। मुख्य मार्ग से जा रहा एक ओवरलोड ट्रेलर पास ही चल रहे ऊंट गाड़ी पर पलट गया। ऊंट गाड़ी पर सवार परिवार के 4 सदस्य इसकी चपेट में आ गए। करीब ढाई घंटे तक तीनों के शव ट्रेलर के नीचे पड़े रहे, जबकि एक बेटी को गंभीर चोट आई है। महाजन के राणीसर गांव के पास ढाणी छिपलाई है। यहीं से जगदीश जाट अपने परिवार सहित करीब 1:30 बजे ऊंट गाड़ी पर खेत के लिए निकला था। इनके पास से ही एक ट्रेलर निकल रहा था, जो असंतुलित होकर ऊंट गाड़ी पर गिर गया। इससे जगदीश के साथ उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी और बेटी कृष्णा की दब गई। दूसरी बेटी दूर जा गिरी। वह बच गई, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने पर बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया है।

ट्रेलर नहीं हटा सकी पुलिस

दुर्घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को फोन किया। पत्थर की गिट्टी से भरे इस ट्रक को हटाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेलर हटा तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। इनके शव को निकालकर महाजन में ही मोर्चरी तक पहुंचाया गया। दूर तक कोई ऐसी मशीन नहीं मिली, जिससे भारी भरकम ट्रोले को हटाया जा सके।

गंभीर है घायल बेटी

इसी हादसे में घायल हुई एक बेटी बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाई गई है। उसके हाथ पैर व सिर में गंभीर चोट आई है। उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है। सीनियर डॉक्टर व रेजिडेंट डॉक्टर्स उसे संभाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *