राजस्थान में अब तक धीमी गति से बढ़ रही सर्दी अचानक जोर पकड़ेगी

सीकर. राजस्थान में अब तक धीमी गति से बढ़ रही सर्दी अचानक जोर पकड़ेगी। प्रदेश में तेज हवाओं के साथ तापमान में अचानक गिरावट आने की संभावना है। जो पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे से बादलों के छंटने से होगी। इससे अचानक सर्दी का असर बढ़ेगा। इधर, शेखावाटी में न्यूनतम तापमान में आज भी हल्की गिरावट दर्ज हुई। अंचल के फतेहपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री गिरकर 7.7 डिग्री दर्ज हुआ। जिसमें आने वाले दिनों में लगातार कमी होने की पूरी संभावना बनी हुई है।
इसलिए बढ़ेगी सर्दी
स्काईमेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार पिछले कुछ दिनों के दौरान हल्के पश्चिमी विक्षोभ आ रहे थे तथा हवाओं की रफ्तार भी उत्तर भारत में काफी कम बनी हुई थी। लेकिन, अब पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ गया है। जिससे मौसम साफ होने के साथ उत्तर पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे जहां प्रदूषण में कमी आएगी वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। रिपोर्ट के अनुसार इस समय उत्तर भारत के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं तथा न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास है। इस सप्ताह के अंत तक उत्तर भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
छाएगा कोहरा, तीसरे सप्ताह में चलेगी शीतलहर
सर्दी का असर उतरी राजस्थान में ज्यादा रहेगा। यहां खासतौर पर सुबह व शाम की सर्दी बढ़ जाएगी। हालांकि मौसम साफ होने व धूप खिलने से दिन का तापमान सामान्य ही बना रहेगा। सुबह के समय कोहरा छा सकता है। नवंबर के तीसरे सप्ताह तक उत्तर भारत के कुछ भागों में शीतलहर चलने की संभावना नजर आ रही है।
पिछले सालों का टूट सकता है रेकॉर्ड
मौसम विभाग के अनुसार इस बार सर्दी पिछले सालों के रेकॉर्ड तोड़ सकती है। ला नीना के प्रभाव से ऐसा होगा। उत्तर मध्य व पूर्वी भारत में ला नीना का असर ज्यादा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *