जोशीवाड़ा के युवक पर खूनी हमला, युवक पर लोहे की रॉड और सरियों से बरसाए वार

बीकानेर। शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। गंगाशहर थाना क्षेत्र के व्यस्त बाजार में शुक्रवार को कुछ युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गौरव जोशी पुत्र सुनील जोशी अपने एक साथी के साथ बाजार में मौजूद था। इसी दौरान हथियारों से लैस कुछ युवक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उस पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए गौरव पास की एक दुकान में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा करते हुए वहां भी लोहे की रॉड और सरियों से ताबड़तोड़ वार किए।

हमले में गौरव के हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। बचाव के दौरान उसके हाथ में गहरी चोट लगने की जानकारी मिली है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

घायल को तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार गंगाशहर थाने पहुंच गए तथा आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर फड़बाजार अथवा रोशनीघर चौराहा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। गंगाशहर थाना पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *