खेजड़ली उत्सव में बीकानेर जिला उद्योग संघ निभाएगा सक्रिय सहभागित

बीकानेर। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 5 जुलाई को आयोजित होने वाले खेजड़ली उत्सव में बीकानेर जिला उद्योग संघ अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा। यह जानकारी संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बीकानेर वैचारिक जागरण मंच के अध्यक्ष एडवोकेट अजय पुरोहित एवं महासचिव विनोद जोशी से मुलाकात के दौरान दी।

पचीसिया ने बताया कि 5 जुलाई को सुबह 6 से 10 बजे तक सुजानदेसर स्थित काली माता मंदिर के पास 11 हजार खेजड़ी के पौधों के रोपण अभियान में उद्योग संघ पूर्ण सहयोग देगा। उन्होंने संघ की सभी सदस्य इकाइयों से भी इस पुनीत कार्य में भाग लेकर अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है और खेजड़ी ऐसा वृक्ष है, जो मरुस्थलीय क्षेत्र में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बीकानेर वैचारिक जागरण मंच के अध्यक्ष एडवोकेट अजय पुरोहित ने बताया कि लगाए जाने वाले सभी खेजड़ी पौधों की सुरक्षा और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी मंच की रहेगी। वहीं, उद्योग संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू ने बताया कि खेजड़ली उत्सव में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले तीन पद्मश्री सम्मानित पर्यावरण मित्र भी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जिला प्रशासन, सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों, राजनीतिक दलों, विश्वविद्यालय, स्कूलों और कॉलेजों सहित विभिन्न संस्थाओं को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण अभियान से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *