रिहायशी इमारतें ढहीं, होटल में लगी आग; पोलैंड ने सीमा पर एफ-16 लड़ाकू विमान किए तैनात
DvNews@ रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच गुरुवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर हाल के महीनों का सबसे बड़ा संयुक्त हवाई हमला किया। रूसी सेना ने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों से शहर के कई इलाकों को निशाना बनाया, जिससे रिहायशी क्षेत्रों में भारी तबाही मच गई। हमले के दौरान पूरे शहर में एयर रेड सायरन बज उठे और हजारों नागरिक अपनी जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों व भूमिगत बंकरों में शरण लेने को मजबूर हो गए।
कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को के अनुसार, हमले में एक नौ मंजिला अपार्टमेंट का बड़ा हिस्सा ढह गया, जबकि शेवचेंको बुलेवार्ड स्थित एक होटल की ऊपरी मंजिलों में मिसाइल गिरने से भीषण आग लग गई। राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कम से कम 11 लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं, जबकि एक एम्बुलेंस स्टेशन भी हमले की चपेट में आ गया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने बताया कि खुफिया एजेंसियों ने पहले ही बड़े हमले की चेतावनी दी थी। इसी कारण वे आयरलैंड के डबलिन दौरे को बीच में छोड़कर तुरंत यूक्रेन लौट आए। यूक्रेनी सेना का दावा है कि एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलों और ड्रोनों को मार गिराया, लेकिन हमले की तीव्रता के कारण व्यापक नुकसान नहीं रोका जा सका।
इस हमले के बाद पड़ोसी नाटो सदस्य देश पोलैंड ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पोलिश सेना ने सीमा क्षेत्र में एफ-16 लड़ाकू विमानों को तैनात करने के साथ एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य रडार को हाई अलर्ट पर रखा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे का तत्काल जवाब दिया जा सके।
