बीकानेर। बीकानेर के पांचू में मंगलवार दोपहर एक कच्चे मकान में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि मकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। खेत मालिक ने इसी घर में एक संदूक में 10 लाख रुपए नकद रखे थे। इसमें 7 लाख रुपए के राख हो गए, जबकि 3 लाख रुपए के नोट अधजले हैं। कमरे में सोने के जेवरात और अनाज भी था। सब जल गया।
पांचू के कक्कू गांव में रहने वाले भंवरलाल पुत्र हुक्माराम मेघवाल ने पुलिस को बताया कि उसके खेत में एक कमरा बना हुआ है। इस कमरे में मंगलवार दोपहर आग लग गई। जैसे-तैसे ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। एक संदूक में 10 लाख रुपए रखे थे। ये पांच-पांच सौ के नोट थे। इनमें सात लाख रुपए पूरी तरह जल गए, जबकि तीन लाख रुपए अधजले मिले हैं। इन रुपयों का बाजार में चल पाना अब मुश्किल है।
सोने-चांदी के गहने भी जल गए। इसमें 130 ग्राम सोना, 350 ग्राम की चांदी की पायल शामिल है। इनकी कीमत करीब सात लाख रुपए है। पीडि़त के अनुसार कमरे में रखा पांच क्विंटल जीरा, छह क्विंटल तिल, आठ क्विंटल ग्वार, दस क्विंटल मोठ और दो क्विंटल मूंग भी जल गई। इन सब की कीमत दो लाख रुपए से अधिक थी। करीब एक लाख रुपए का अन्य सामान भी जला है। इसके अलावा कमरे के आसपास बने तीन कच्चे कमरे भी जल गए।
कारणों का पता नहीं
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मंगलवार दोपहर अचानक ही इस कमरे से आग की लपटें देखी गई थीं। इसके बाद आसपास के लोग पानी लेकर भागे। तब तक आग काफी बढ़ चुकी थी। आसपास के लोगों ने टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया।
ईंट रखकर बनाए थे कमरे
इस कमरे की चिनाई नहीं हुई थी, बल्कि ईंटों को एक साथ रखकर चारों तरफ से पैक किया हुआ था। ऊपर छत के रूप में लकड़ी और खींप ही थी। इससे आग ज्यादा तेजी से लगी। पीडि़त किसान परिवार ने पांचू पुलिस को आग से हुए नुकसान को लेकर लिखित शिकायत दी है। अधिकारिक रूप से नुकसान का आकलन नहीं हुआ है।