सीकर/  राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना सदर थाना इलाके के गांवड़ी क्षेत्र में शनिवार को दो सगे भाईयों ने साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जिसमें कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव देर रात तक निकाले जा सके। पुलिस ने दोनों भाईयों के शव को राजकीय कपिल अस्पताल नीमकाथाना के मुर्दाघर में रखवाया है। जहां दोनों के शवों के पोस्टमार्टम की कवायद रविवार सुबह की गई। जानकारी के अनुसार मृतक गांवड़ी बाइपास निवासी 42 वर्षीय कालूराम उर्फ टेकचंद तथा 38 वर्षीय ताराचंद है। जो दोनों सगे भाई थे।

घूमते- घूमते अचानक लगाई छलांग

परिजनों ने बताया कि कालूराम और ताराचंद दोनों भाई शनिवार रात को घर के बाहर घूम रहे थे। इसी दौरान बड़े भाई कालूराम ने अचानक घर के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी। परिजन कुछ समझ पाते उससे पहले हा छोटा भाई ताराचंद भी पीछेे से कूद गया। इस पर परिजन जोर जोर से चिल्लाने लगे। शोर-शराबा सुनकर मौके पर ग्रामीण दौड़कर आए तथा घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

मोटर में फंसा शव

रेस्क्यू ऑपरेशन करने वाली टीम ने बताया कि मृतक ताराचंद का शव 80 फीट गहराई पर मोटर पर फंस गया था। जिसे तुरंत ही बाहर निकाल लिया गया। लेकिन, कालूराम का शव पानी की गहराई में चला गया। जिसकी वजह से उसे ढूंढकर निकालने में काफी मशक्कत हुई।

चल रहा था उपचार, एक के चार बच्चे

पुलिस के अनुसार दोनों मृतक भाईयों की मानिसक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। दोनों का कई दिनों से मनोरोग चिकित्सक के पास उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक हालात काफी खराब है। मृतक कालूराम विवाहित है। जिसके दो लड़के व दो लड़की है। पत्नी नेकी देवी की भी मानसिक स्थिति खराब है। मृतक ताराचंद अविवाहित है। मृतक कालूराम शनिवार शाम को ही जयपुर से दवाई लेकर गांव आया था।