गणगौर सज्जा एवं गणगौर क्वीन प्रतियोगिताओं में निभाई भागीदारी

बीकानेर। पुष्करणा महिला मंडल की ओर से शुक्रवार को धरणीधर ऑडिटोरियम में गणगौर महोत्सव आयोजित हुआ। इस दौरान गणगौर सज्जा तथा गणगौर क्वीन प्रतियोगिताएं हुईं। पंडित जुगल किशोर ओझा ‘पुजारी बाबाÓ के नेतृत्व में गणगौर के भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान मातृशक्ति ने लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान की शपथ ली तथा ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली जानी।

गणगौर सज्जा प्रतियोगिता में सुनीता पुरोहित, कृष्णा थानवी एवं अर्चना थानवी की गणगौर ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। गणगौर क्वीन प्रतियोगिता में अंशु हर्ष, मोनिका मोहता और नीलम जोशी पहले तीन स्थानों पर रहीं। इस स्पर्धा में आशा पारीक, पूर्णिमा थानवी और कमला नैण को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। गरिमा आचार्य ने ईसर का स्वांग धारण किया। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं हुईं। सभी विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। इस अवसर पर जिला स्वीप प्रकोष्ठ के सहप्रभारी राजेन्द्र जोशी ने लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने वर्ष 2009 और 2014 के लोकसभा चुनावों में महिला मतदान प्रतिशत की जानकारी दी तथा कहा कि इस बार प्रत्येक महिला मतदाता मतदान करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि उनके परिवार से कोई भी वंचित नहीं रहे। इस दौरान शैलेन्द्र सुथार, पवन खत्री, हेमलता जोशी तथा दीपक बिन्नाणी द्वारा ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाई गई तथा मॉक पोल भी करवाया गया।

पुष्करणा महिला मंडल अध्यक्ष अर्चना थानवी ने कहा कि संस्था द्वारा समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनका मुख्य उद्देश्य सामाजिक परम्पराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ महिलाओं को मंच प्रदान करना है। उपाध्यक्ष डॉ. विजय लक्ष्मी व्यास ने कहा कि आज महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। खेल, विज्ञान, उद्योग से लेकर सरकारी सेवाओं में महिलाओं ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

सचिव शारदा पुरोहित ने बताया कि संस्था द्वारा बालिका शिक्षा के साथ महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। समाज की अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोडा़ जाएगा। संयुक्त सचिव सेणुका हर्ष ने कहा कि 6 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रत्येक महिला मतदाता, जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाए तथा मताधिकार का उपयोग करे। इसके प्रति जागरुकता की पहल भी महिलाओं को करनी होगी। उन्होंने मतदान के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान मीनाक्षी हर्ष, इंदु पुरोहित, पिंकी पुरोहित और कृष्णा थानवी ने भी विचार रखे।