बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय खेल प्रांगण से जिला कलेक्ट्रेट परिसर तक विशाल तिरंगा पदयात्रा का आयोजन आज किया गया। पदयात्रा डूंगर महाविद्यालय से सुबह 10 बजे डीजे की धुन पर देशभक्ति गीतों के साथ रवाना हुई, जो जिला कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची, तिरंगा पद यात्रा के समापन पर राष्ट्रगान का आयोजन विशाल मानव श्रृंखला बनाकर किया गया।

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आज इस तिरंगा पदयात्रा में छात्रों में जोश देखने को मिला। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों पर छात्र थिरकते नजर आए। इस तिरंगा पदयात्रा में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए, जिनके हाथों में भारत की आन-बान-शान तिरंगा लहरा रहा था।

राष्ट्रीय जाट एकता संगठन युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष रोहित बाना ने बताया कि एक तिरंगे के नीचे हम सब एक हैं। उन्होंने यह भी बताया कि युवाओं में तिरंगा यात्रा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।