सरकार

प्रदेश में संवैधानिक पदों पर नियुक्तियों का दौर जारी, कैबिनेट मीटिंग के बाद जारी किए आदेश।

बीकानेर/जयपुर। राज्य में नवगठित कांग्रेस सरकार में संवैधानिक पदों पर नियुक्तियों का दौर जारी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आदेश जारी कर महेंद्र सिंह सिंघवी को राज्य के महाधिवक्ता के पद पर नियुक्त किया है। राज्य सरकार ने यह आदेश शनिवार देर रात जारी किया है।

राज्य के नए महाधिवक्ता सिंघवी जोधपुर कोर्ट में लंबे समय से प्रैक्टिस कर रहे हैं। वहीं राजस्थान हाइकोर्ट में उन्हे वकालत का लंबा अनुभव है। सिंह के बड़े भाई जीएस सिंघवी सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश रह चुके हैं।

गौरतलब है कि शनिवार को कैबिनेट की मीटिंग के बाद यह आदेश जारी किया गया। सरकार की ओर से नियुक्त महाधिवक्ता राज्य का सबसे बड़ा लॉ अधिकारी होता है, जो राज्यसरकार का कई मामलों में अदालतों में प्रतिनिधित्व करता है।

जानकार बताते हैं कि महाधिवक्ता की नियुक्ति राजनीतिक होती है। इससे पहले सीएम वसुंधरा के समय नरपतमल लोढ़ा प्रदेश के महाधिवक्ता थे। जिन्होंने गहलोत सरकार बनने के बाद अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था, लेकिन उन्हें नए महाधिवक्ता की नियुक्ति से पहले अपने पद पर बने रहने को कहा गया था।