देवेंद्र वाणी न्यूज़, बीकानेर। अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम कितना गंभीर है, इसकी बानगी इस बात से लगाई जा सकती है कि नगर निगम की अवैध निर्माण को लेकर की जा रही शिकायतों का निस्तारण नहीं हो रहा है। ऐसे सैकड़ों प्रकरण ठंडे बस्ते में डाल दिए गये है। जिनके निस्तारण की आस शिकायतकर्ता लगा रहा है। मंजर यह है कि अतिक्रमण को शह देने में वर्तमान बोर्ड के पार्षद भी शामिल है। एक ताजा मामला दरगड़ों की गली का है। जिसकी शिकायत छबीली घाटी निवासी खुशालचंद व्यास ने नगर निगम आयुक्त को की है। इसमें उन्होंने निगम का ध्यान आकर्षित वार्ड 63 निवासी हेतराम सोनी व रामेश्वर सोनी बिना निगम की अनुमति के दो मंजिला मकान का निर्माण करवा चुका है और तीसरी मंजिल पर अवैध निर्माण कर रहा है। इतना ही नहीं ये निगम की चार फीट रोड पर भी अतिक्रमण कर रहे है। जबकि यहां पूर्व में चौकी थी,जहां तीन मकानों लिये रास्ते निकलते थे। उक्त कार्य में वार्ड पार्षद अशोक माली की भी पूरी शह है। व्यास ने अतिक्रमण करने वाले और इसको शह देने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।
पूर्व में भी वार्ड पार्षद के खिलाफ हो चुकी है शिकायत
गौर करने वाली बात यह है कि एक साल बेमिसाल का दावा करने वाले भाजपा बोर्ड के वार्ड 63 के पार्षद अशोक माली उन्हीं के महापौर व बोर्ड पर बट्टा लगा रहे है। पूर्व में भी अशोक माली पर बॉलकोनी के नाम पर अपने पड़ौसी की जमीन पर कब्जे की शिकातय नगर निगम मेें हो चुकी है। जिस पर कार्यवाही न होने पर कोटगेट थाने ने पार्षद को आगामी कार्यवाही न करने के लिये पाबंद भी कर रखा है।