जयपुर में शहीद स्मारक पर तिरंगा रैली के दौरान मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी।

जयपुर

कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर झण्डारोहण कार्यक्रम आयोजित किया। खास बात ये रही कि इस स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस ने प्रदेश में किसान आंदोलन के समर्थन में भी बिगुल बजा दिया। केन्द्र सरकार के तीन कृषि बिलों की हकीकत से प्रदेश के किसानों को अवगत करवाने के लिए आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से किसान संघर्ष यात्रा निकाली गई। इससे पहले पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पीसीसी में पार्टी का ध्वज फहराया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर झण्डारोहण करते प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा।
कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर झण्डारोहण करते प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा।

 

पीसीसी से शहीद स्मारक तक निकाली पैदल यात्रा
केन्द्र सरकार के तीनों कृषि बिल के विरोध और किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस ने पार्टी ने आज जयपुर में तिरंगा यात्रा भी निकाली। यह यात्रा जयपुर में चांदपोल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) से निकलकर संसार चंद्र रोड होते हुए गर्वमेंट हॉस्टल चौराहे स्थित शहीद स्मारक तक निकाली गई। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, मुख्य सचेतक महेश जोशी, नगर निगम हैरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर के अलावा जयपुर शहर के तमाम कांग्रेस विधायक, पार्षद और पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए।

मंत्रियों के आज से शुरू होंगे दौरे
जय जवान जय किसान के नारे के साथ आज से प्रदेशभर में मंत्रियों के विधानसभा वार दौरे शुरू हो गए। इसमें विधानसभा वार किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कृषि बिलों की खामियां बताने के साथ ही कांग्रेस सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई जाएगी। ये कार्यक्रम तीन दिन 28 से 30 दिसंबर तक चलेगा।