राजस्थान में भीषण गर्मी का सितम एक बार फिर शुरू हो गया है। बीते सप्ताह मौसम में आए बदलाव से पारे में आई गिरावट ने अप्रेल के महीने में सर्दी का अहसास कराया। वहीं अब फिर से गर्मी के तेवर तीखे हो चले हैं। पश्चिमी राजस्थान में दिन में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिन झुलसाने वाली गर्मी का असर रहने और उसके बाद उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तेज रफ्तार से अंधड़ चलने का अंदेशा जताया है।

सरहदी इलाकों में फिर बढ़ा गर्मी का प्रकोप
राजस्थान के सरहदी क्षेत्र में गर्मी के चलते बुरा हाल है। प्रदेश के जैसलमेर जैसे सरहदी इलाकों में लगातार बढ़ रहे गर्मी के तीखे तेवरों ने यहां के बाशिंदों का जीना दुश्वार कर दिया है। दिन भर चलने वाली गर्म लू और आसमान से अंगारे बरसने से गुरुवार को स्वर्णनगरी तंदूर की माफिक तपने लगी है। दोपहर में तो मानो आसमान से अंगारे बरसने लगे। सुबह सूर्य की तपिश के साथ ही गर्मी का असर बढ़ता गया। दोपहर के समय तो सडक़ों पर मानो अंगारे बरसने लगे। तन झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।