पुलिस महकमे

बीकानेर। प्रदेश में अशोक गहलोत के नए सीएम बनने की घोषणा के बाद अब पुलिस महकमे में कई बड़े बदलाव हो सकते हैं। नई सरकार में कई नए चेहरों को फील्ड पोस्टिंग दी जा सकती है।

ऐसा माना जाता है कि जिसकी सरकार होती है उसके चहेते अफसरों को सरकार प्राइम पोस्टिंग देती है। वहीं पुरानी सरकार के अफसरों को ठंडे बस्ते में लगा दिया जाता है।

माना जा रहा है कि राज्य के पुलिस प्रशासन के अहम पद डीजीपी, एडीजी क्राइम, हेड क्वार्टर, एसओजी एटीएस, एंटी करप्शन ब्यूरोए, लॉ एंड ऑर्डर, जयपुर पुलिस कमिश्नर के अलावा जिले के एसपी स्तर तक कई बदलाव हो सकते हैं।

फिलहाल राजस्थान के डीजीपी ओपी गल्होत्रा है, सूत्रों की माने तो कि डीजीपी गल्होत्रा को प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली भेजा जा सकता है। वहीं कपिल गर्ग प्रदेश के नए डीजीपी बन सकते हैं।

गौरतलब है कि कपिल गर्ग कांग्रेस सरकार के चहेते अफसरों में से एक हैं। इस वजह से उनकी नियुक्ति की चर्चा जोरो पर है। वैसे गर्ग 2019 में रिटायर हो रहे हैं। इसलिए अगला डीजीपी बनने की उनकी संभावनाएं ज्यादा है।

सत्ता बदलने के बाद जो पुलिस अधिकारी भाजपा सरकार में मुख्य पदों पर थे, उन्हे अब ठंडे बस्ते में लगाया जा सकता है। कांग्रेस की ओर से चुनावों से पहले स्पेशल डीजी लॉ एंड आर्डर एनआरके रेड्डी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत भी की गयी थी। जिसके चलते माना जा रहा है कि अब उन्हे होमगार्ड विभाग दिया जा सकता है।

वहीं कई अफसरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती है, जिसमें राजीव दासोत, मीना सिंह, रवि प्रकाश मुंडेला, सुनील दत्त, भूपेंद्र दक शामिल हैं। अब देखना यह होगा कि सरकार के मंत्री मंडल गठन के बाद कब से पुलिस महकमे में बदलाव दिखाई देते है।