बीकानेर। प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 मार्च को कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से धूल भरी आंधी, थंडर स्टॉर्म और बारिश का सामना करने का अलर्ट जारी करने के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया। शहर में सुबह से तेज धूप रही और दोपहर मौसम में बदलाव के साथ ही सोमवार देररात धूल भरी आंधी आई। देर रात करीब 1.45 बजे आंधी का दौर शुरू हुआ और इतनी धूल उड़ी कि 20 मीटर दूरी तक भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी बीच कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन तक ऐसी आंधी चलने की संभावना है।
विभाग के अनुसार 24 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही गर्मी तीखे तेवर दिखाएगी। होली पर तापमान 40 डिग्री और उसके बाद 42 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। रात का तापमान भी 28-29 डिग्री तक पहुंचेगा और गर्मी अपने असली रूप में आ जाएगी। सोमवार को न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज कि या गया।