जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में ढाई साल में करीब एक लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं। गहलोत वित्त और विनियोग विधेयक पर बहस का जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने सदन में नौकरियों को लेकर गलत आंकड़े बताये हैं। ढाई साल में अब तक 97 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं। 17 हजार भर्तियों के परिणाम जारी हो चुके हैं। 37000 भर्तियों की जल्द परीक्षा होगी। 23 हजार नौकरियों की भर्तियों की विज्ञप्ति जल्द जारी होगी। उन्होंने कहा कि दो साल में एक लाख 70 हजार को रोजगार दिया।

गहलोत ने कहा ‘मैंने अभी दांडी मार्च वाले दिन कहा था कि मोदीजी मोहन भागवत से सलाह कर लें। देश में सद्भाव का नया माहौल बनाएं। छह साल में क्या हुआ उसे भूल जाइए। अब देश में सद्भाव, शांति और भाईचारे का माहौल बनाना चाहिए। देश में सद्भावना की नई शुरुआत कीजिए। उन्होंने कहा कि कैलाश मेघवाल ने जो सामाजिक न्याय की बात कही हैं  वह दिल को छूने वाली बात है।

आज भी छुआछूत मानवता के नाम पर कलंक है। हम तो पहले से ही यह बात कहते आए हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया पर निशाना साधते हुए कहा कि आप मेरे यहां आइए या मैं आपके यहां आ जाऊं। आपकी पूरी शिकायत दूर कर दूंगा। आपको झूठ भी सच की तरह बोलना आता है। लगता है जैसे आप सच बोल रहे हो। आप गुस्सा मत किया कीजिए। इतना अच्छा बोलते- बोलते पता नहीं आपको क्या हो जाता है। कल भी ऐसा ही हुआ था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबको मिलकर राजस्थान के हितों की बात करनी चाहिए और ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट योजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करवाना चाहिए। वह इसका इसका क्रेडिट पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को देने को तैयार हैं।