जयपुर। Coronavirus: राजस्थान में शनिवार को कोरोना के 2123 नए मामले सामने आए और 15 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक एक लाख 56 हजार 908 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। वहीं, 1636 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केसों की संख्या 21,354 है। लगातार संक्रमण बढ़ने के बावजूद कम सैंपलिंग होना चिंता का विषय बना हुआ है। अब तक सिर्फ 11 जिलों में ही टेस्टिंग का आंकड़ा एक लाख के पार गया है। इनमें भी आठ जिलों में यह आंकड़ा डेढ़ लाख के ही नीचे है। जयपुर में सबसे जयादा 4.25 लाख और जोधपुर में 4.14 लाख लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसके बाद सबसे ज्यादा कोटा में 2.03 लाख लोगों की टेस्टिंग हुई। प्रदेश में अब तक 33 लाख 35 हजार 785 टेस्ट हुए हैं। इनमें से 31 लाख 76 हजार 313 केस पॉजिटिव मिले हैं। 2564 केसों की रिपोर्ट आना शेष है।

उधर, चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार कोरोना काल में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने का काम कर रही है। देश में पहली बार शनिवार को सरकारी मानसिक स्वस्थ्य सेवा टोल फ्री हेल्प लाइन “मन संवाद” (1800-180-1800) की शुरुआत की गई। इस हेल्पलाइन के जरिए निशुल्क टेली काउंसलिंग की सुविधा मानसक रोगियों को उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदेश में संचालित सभी कोविड सेंटर्स पर भी मेंटल हैल्थ प्रोफेशनल्स के द्वारा काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

गौरतलब है कि राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना के 2180 पॉजिटिव केस मिले और 16 लोगों की मौत हुई।  प्रदेश में अब तक एक लाख 54 हजार 785 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। मृतकों की कुल संख्या 1621 हो गई। एक्टिव केस 21,398 है। लगातार 8वें दिन दो हजार से अधिक रोगी ठीक भी हुए। अब प्रदेश की रिकवरी रेट 94.83 प्रतिशत पहुंच गई है। सितंबर के शुरुआती 8 दिनों में 12433 रोगी मिले और 11060 ठीक हुए, यानी रिकवरी रेट अक्टूबर से 6 प्रतिशत कम था। प्रदेश में अब तक 33.11 लाख से अधिक सैंपल की जांच हो चुकी है। 1 लाख 31 हजार 766 कोरोना संक्रमित उपचार के बाद रिकवर हो चुके हैं।