बीकानेर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और राज्यसभा में उपनेता आनन्द शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता को गुमराह कर रहे हैं। वे पहले अपने पांच साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के समक्ष रखें। मोदी ने जनता से लुभावने वादे किये थे। दो करोड़ नौजवानों को एक साल में रोजगार देने, काला धन वापस लाने, प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख डालने, अच्छे दिन लाने के वायदों का क्या हुआ? यह जनता के सामने हैं।

शर्मा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। शर्मा ने कहा कि अच्छे दिन तो आये नहीं, लेकिन बहुत बुरे दिन लोगों को देखने पड़ रहे हैं। रोजगार पैदा नहीं किये गये। इस कारण करोड़ों लोग बेरोजगार हो गये हैं। मोदी ने पांच साल में बहुत गलत फैसले लिये। नोटबंदी का फैसला देश को कलंकित करने वाला था। महिलाओं, मजदूरों के पैसे को अपराध का पैसा बताया। पांच साल में जीडीपी लगातार गिर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों से जो वायदा किया था वह भी मोदी ने पूरा नहीं किया। नये उद्योग नहीं लगाये गये। देश में जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो वित्तीय संकट आया था। उस समय मनमोहन सिंह ने भारत की अर्थव्यवस्था को इस संकट से उबारा। इस मौके पर उर्जा मंत्री डॉ बी डी कल्ला,कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव अरोड़ा,राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद,शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत,देहात अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत उपस्थित थे।
सेना मोदी की नहीं
सांसद शर्मा ने कहा कि इससे पहले भी देश ने अनेक युद्ध जीते हैं उस समय इन्दिरा गांधी प्रधानमंत्री थी। तब विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें दुर्गा का अवतार कहा था। उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में आतंकी हमले ज्यादा हुए हैं, जिसकी जितनी निन्दा की जाए उतनी कम है। सेना मोदी की नहीं है, बल्कि इस देश की है। शर्मा ने कहा कि देश में बदलाव की आवाज है। देश भाजपा के कुशासन से मुक्ति मांग रहा है। आनन्द ने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस बनी तो 72 हजार रुपये सालाना दिये जाएंगे। किसानों को कर्ज से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा-3 लेकर आयेंगे, जिसमें 150 दिनों का काम मजदूरों को मिलेगा। पांच साल में अन्याय हुआ है अब न्याय होगा।

नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला
उन्होंने कहा कि नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला था। भाजपा सरकार के कई मुख्यमंत्री दागी है। मोदी के बड़े साथी पर संगीन अपराध के आरोप लगे हुए हैं। राज्यों से निकाले भी गये हैं। आनन्द शर्मा ने कहा कि हम भाजपा द्वारा प्रचार में खर्च किये जा रहे रुपये का मुकाबला नहीं कर सकते। मैनेजमेंट में मोदी माहिर है। जोर से बोलकर, दूसरों को कोस कर मोदी भ्रमित ना करें।